सफीपुर। शराब के नशे में धुत पिता ने चार साल की बेटी को पीटा और फिर उसका सिर दीवार से लड़ा दिया। गहरी चोट लगने से बच्ची बेहोश हो गई। परिजनों ने सीएचसी पहुंचाया, बाद में हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के मददूखेड़ा गांव निवासी अर्जुन ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि मां की दो साल पहले मौत हो चुकी है। पिता मंशाराम शराब के लती हैं। बुधवार देर शाम उसकी चार साल की बहन रंजना सो रही थी। पिता नशे की हालत में घर आए और कुछ देर बाद रंजना रोने लगी। इससे नाराज होकर पिता ने रंजना को पहले पीटा, बाद में उसका सिर दीवार से लड़ा दिया। सिर फटने से वह बेहोश हो गई। भाभी संगीता ने बहन को बचाया। बच्ची को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया। कोतवाल श्याम नारायण सिंह ने बताया कि घायल बच्ची के भाई अर्जुन की तहरीर पर आरोपी पर रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।