तीन दिन पहले टूटे विद्युत पोल को न बदले जाने से आक्रोशित नई सराय गांव के ग्रामीणों ने अजगैन-मोहान मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दो घंटे में टूटे विद्युत पोल बदलवाने के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोला।
तेज आंधी से तीन दिन पहले हसनगंज तहसील के नई सराय गांव में कई विद्युत पोल टूट व तार टूट गए थे। इससे गांव की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई थी। ग्रामीणों ने जेई के साथ ही एसडीओ को मामले से अवगत कराया था, लेकिन पोल नहीं बदलवाए गए। इस भीषण गर्मी में विद्युत आपूर्ति ने होने से ग्रामीण बिलबिला उठे। आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को अजगैन-मोहान रोड पर जाम लगा दिया।
पूरी सड़क जाम करके ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। जाम लग जाने से दोनों तरफ वाहनों की लाइन लग गई। एसएसआई कृपाशंकर मिश्रा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को जाम हटाने को कहा, लेकिन ग्रामीणों ने जाम खोलने से इंकार कर दिया। इस पर एसएसआई ने विद्युत विभाग के जेई व एसडीओ को मौके पर बुलाया। ग्रामीणों की शिकायत सुनने के बाद एसडीओ ने दो घंटे के अंदर टूटे खंभों को बदलवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम खोला।