उन्नाव। बीआरजीएफ की बैठक में अनुपस्थित रहने पर नवाबगंज के बीडीओ का वेतन रोकने के साथ ही स्पष्टीकरण मांगा गया है। बीडीओ असोहा से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। समय से बैठक में न पहुंचने पर डीएम ने उन्नाव नगर पालिका की ईओ को जमकर फटकार लगाई।
शनिवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित पिछड़ा क्षेत्र अनुदान निधि (बीआरजीएफ) से कराए जा रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की डीएम सौम्या अग्रवाल ने समीक्षा की। कहा कि जो ठेकेदार समय से कार्य पूरा न करें उन्हें नोटिस दी जाए। डीएम ने कहा कि हर कार्य की जांच कराई जाएगी।
कार्य के पूर्व व बाद में सभी फोटोग्राफ होने चाहिए। जिला पंचायत द्वारा कराए जा रहे कार्यों की रफ्तार धीमी मिलने पर डीएम ने संबंधित विभाग के अधिकारियों पर नाराजगी जताई। बैठक में आरईएस अधिकारियों ने बताया कि 101 कार्यों में 44 कार्य पूरे हो गए हैं। 29 कार्य 10 मार्च तक पूरे कर लिए जाएंगे।
डीएम ने निर्देश दिए कि इन कार्यों की फोटो/प्रगति लेकर 10 मार्च को बैठक में आएं। कहा गया कि उसी दिन सभी कार्यों का मौके पर जाकर सत्यापन कराया जाएगा। फतेहपुर चौरासी नगर पंचायत में सामुदायिक भवन के कार्य में भूमि संबंधी विवाद पर एसडीएम सफीपुर को निर्देशित किया गया कि वह मौके पर जाकर स्थिति का आंकलन करें।