उन्नाव। इस बार धनतेरस पर कारोबार में अच्छा उछाल देखने को मिली। सराफा, बर्तन, इलेक्ट्रानिक और ऑटो मोबाइल के शोरूमों में सुबह से रात तक रौनक रही। लोगों ने जमकर खरीदारी की। जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के मुताबिक इस बार धनतेरस पर जिले भर में करीब 65 करोड़ का कारोबार होने का अनुमान है।
धनतेरस पर मंगलवार को शहर से लेकर कस्बों तक के बाजारों में भीड़ रही। शाम के समय हुई खचाखच भीड़ देर रात तक बरकरार रही। मान्यता है कि धनतेरस पर कोई न कोई धातु, नई वस्तु, वस्त्र या अन्य गृह उपयोगी वस्तु खरीदने से सुख और समृद्धि आती है।
इसी वजह से लोग अपनी सामर्थ्य के अनुसार खरीदारी करते हैं। किसी ने चांदी के आभूषण व सिक्के खरीदे तो किसी ने सोने के आभूषण। वाहनों के शोरूम में भी खरीदारों की भीड़ पूरे दिन बनी रही। दो पहिया और चार पहिया से ट्रैक्टर और साइकिल व फर्नीचर की भी खूब बिक्री हुई।
जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष रजनीकांत श्रीवास्तव ने बताया कि काफी समय बाद इस बार धनतेरस पर्व पर बाजार में रौनक बढ़ी है। जिस तरह की सूचना है जिले के सभी तहसील क्षेत्रों में पर्व पर अच्छा कारोबार हुआ है।
बताया कि विभिन्न तहसील और ब्लॉक संगठनों से मिली सूचना के अनुसार इस बार कारोबार का आंकड़ा 65 करोड़ के करीब रहने का अनुमान है।