उन्नाव। भगवंतनगर के धानीखेड़ा-पिपरासर मार्ग को चौड़ा करने को मंजूरी मिल गई है। पीडब्ल्यूडी इसकी चौड़ाई दो मीटर बढ़ाकर 5.5 मीटर करेगा। शासन से 11.70 करोड़ के बजट की स्वीकृत होने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मार्ग के चौड़ीकरण के बाद कई जनपदों का आवागमन सुलभ हो जाएगा।
स्टेट हाइवे घोषित इस मार्ग की कुल लंबाई करीब नौ किलोमीटर है। वर्तमान समय में इसकी चौड़ाई करीब 3.5 मीटर है। साथ ही रास्ता भी काफी ज्यादा खस्ताहाल है। पूर्व में लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड ने इस मार्ग को चौड़ा कर नए सिरे से मरम्मत करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था। जिसे प्रदेश सरकार ने मंजूरी देते हुए लगभग 11.70 करोड़ का बजट स्वीकृत कर दिया है। जल्द काम शुरू कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इस मार्ग के चौड़ा होने के बाद एक तरफ लखनऊ और दूसरी तरफ कानपुर के साथ फतेहपुर पहुंचना आसान होगा।