शहर के मोहल्ला सिविल लाइन में जगत जननी मां जगदंबा का भव्य दरबार सजाया गया। जगराते की शुरुआत वेद मंत्रोच्चार के साथ जली मां की ज्योति के साथ हुई। इसके बाद रात भर भक्त देवीगीतों के धुनों पर झूमते रहे। सुबह तारारानी की कथा के बाद कन्याभोज का आयोजन हुआ।
शनिवार रात मां ज्वाला देवी के जगराते में कानपुर की पवन शुक्ला एंड पार्टी के कलाकारों ने रात भर मां के सुंदर-सुंदर भजनों का गुणगान किया। पवन शुक्ला ने देवा हो देवा गणपति देवा गीत गाकर गणेश वंदना की। गायक हरिश्चंद्र ने मां मेरी नौकरी कर दे पक्की गाकर भक्तों को खूब झूमाया। पवन जयपुरी ने भी एक डोली चली एक अर्थी चली गाकर भक्तों की जमकर तालियां बटोरी। इसके अलावा गायिका मीनाक्षी व गायक सौरभ ने भी गीतों से लोगों को पूरी रात बांधे रखा। आखिर में एक बार पवन शुक्ला ने फिर से बाबा बजरंग बली, सीता राम के भजन सुनाकर पूरे पांडाल को तालियों की गड़गड़ाहट से झुमा दिया। अंत में मां तारारानी की कथा के साथ कन्या भोज व प्रसाद वितरण किया गया। अंत में अनिल अवस्थी व योगेंद्र पांडेय ने सभी का आभार व्यक्त किया। यहां सभासद सुनील अवस्थी, सलिल अवस्थी, अजय अवस्थी, कोमल सिंह, राहुल सिंह, उत्तम अवस्थी, सज्जन सिंह, राजेश सिंह, मंजन यादव, नितिन श्रीवास्तव, राम जी मिश्रा आदि मौजूद रहे। संरक्षक अनिल अवस्थी ने सभी का सम्मान किया।