उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ साक्षी महाराज
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव में 119 मार्गो के शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बसपा और सपा पर जमकर हमला बोला। कहा कि बुआ (मायावती), भतीजे (अखिलेश) और पिता (मुलायम सिंह यादव) ने 15 साल तक प्रदेश को लूटा।
जबकि हमारी सरकार ने मात्र साढ़े चार साल में प्रदेश में विकास की गंगा बहाई है। दिवंगत नरेंद गिरि से मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने बताया था कि सपा के अखिलेश भी उनसे मिलते हैं लेकिन उनकी विचारधारा मेल नहीं खाती है।
उनका जुड़ाव भाजपा से है इसलिए वो चाहते हैं कि अगले 40 साल तक केंद्र और प्रदेश में भाजपा की ही सरकार बने। मंच से डीएम, एसपी और सीडीओ को चेताते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का सम्मान करें। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान डिप्टी सीएम ने 371 करोड़ के 119 मार्गो का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसके अलावा 467 करोड़ की नई परियोजनाओं की घोषणा की।