सीएसजेएम यूनिवर्सिटी की वार्षिक परीक्षाएं सोमवार को हिंदी साहित्य पेपर के साथ शुरू हो गई हैं। परीक्षा नकल विहीन कराने के लिए पहले ही दिन से यूनिवर्सिटी फ्लाइंग स्क्वायड ने जिले में शिकंजा कस दिया है। डीएसएन कालेज में सघन चेकिंग अभियान चलाने के साथ ही कई कालेजों में छापेमारी कर सख्ती के संकेत दिए। स्क्वाएड की छापेमारी से कालेज प्रबंधकों में अफरातफरी का माहौल रहा।
छत्रपति शाहूजी महाराज यूनिवर्सिटी कानपुर से संबद्ध जिले के 47 डिग्री कालेजों में पहले दिन की परीक्षा नकल विहीन हुई। पहली पाली में बीए प्रथम वर्ष हिंदी साहित्य, दूसरी पाली में बीए तृतीय वर्ष की समाजशास्त्र व हिंदी साहित्य तो वहीं तृतीय पाली में बीए द्वितीय वर्ष की हिंदी साहित्य विषय की परीक्षा हुई। शहर के डीएसएन कालेज (नोडल केंद्र) पर पहली पाली के लिए सुबह के छह बजे से ही परीक्षार्थियों का जमावड़ा शुरू हो गया। 6:30 बजे के बाद परीक्षार्थियों की सघन तलाशी के बाद परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।
करीब आठ बजे यूनिवर्सिटी फ्लाइंग स्क्वायएड इंदू यादव के नेतृत्व में कालेज पहुंचा। स्क्वाएड के सदस्यों ने वाहन से उतरते ही सीधे कमरों की तरफ दौड़ पड़े। अचानक छापेमारी से परीक्षार्थियों के साथ ही कालेज स्टाफ में अफरातफरी मच गई। एक घंटे चले सघन चेकिंग अभियान में फिलहाल स्क्वाएड को नकलची नहीं मिले। इसके बाद स्क्वाएड ने बीघापुर व सुमेरपुर क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों में छापेमारी कर परीक्षा का जायजा लिया। स्क्वाएड प्रभारी ने बताया कि डीएसएन कालेज समेत कई केंद्रों पर औचक छापेमारी की गई, लेकिन कहीं भी नकल समाग्री बरामद नहीं हुई। डीएसएन नोडल केंद्र प्रभारी डा. मानवेंद्र सिंह ने बताया कि तीन पॉलियों में 1502 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 135 अनुपस्थित रहे।
एसएनजी में 21 छात्राएं गैर हाजिर रहीं
श्रीनारायण गर्ल्स कालेज में भी पहले दिन नकल विहीन परीक्षा हुई। प्राचार्य विनीता द्विवेदी ने बताया कि तीन पॉलियों में 469 छात्राएं पंजीकृत थी। जिनमें से 21 छात्राओं ने परीक्षा छोड़ी है।