मौरावां। गुजरात में हुए सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद रविवार को शव गांव पहुंचा तो परिजन में चीख-पुकार मच गई। परिजन ने गांव में ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
थानाक्षेत्र के रामकिशुनखेड़ा गांव निवासी सूरजभान का बेटा विजयपाल (22) 12 मार्च को गुजरात के अहमदाबाद में कमाने गया था। वह अहमदाबाद में आरसीसी सड़क निर्माण में काम कर रहा था। 20 मार्च की रात गुजरात पुलिस ने परिजन को फोन पर बताया कि विजय की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। घर के सदस्य शव लेने गुजरात निकल गए थे। सूरजभान ने बताया कि बेटा पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। गांव में ही शव का अंतिम संस्कार किया गया। थानाध्यक्ष कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम गुजरात में हो गया था। परिजन ने वहां से लाकर यहां अंतिम संस्कार किया है।