नवाबगंज (उन्नाव)। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर डीसीएम का टायर बदलते समय गिट्टी लदा ट्राला टकरा गया। हादसे में डीसीएम चालक और खलासी की मौत हो गई। घायल ट्राला चालक को पुलिस ने सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद वह भाग गया। पुलिस ने डीसीएम को सर्विस लेन पर खड़ा कराया। इस दौरान आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा।
बलरामपुर जिले के थाना महराजगंज के कब्बापुर निवासी डीसीएम चालक महमुदुल रहमान (35), खलासी सिद्धार्थनगर जिले के थाना भवानीगंज के सिरसिया बढ़नी चाका निवासी श्रवण कुमार (27) पुत्र विजय कुमार के साथ गुरुवार सुबह कानपुर से सोयाबीन लादकर गोंडा जा रहा था। सुबह करीब पांच बजे लखनऊ-कानपुर हाईवे पर सोहरामऊ थानाक्षेत्र के भल्ला फार्म तिराहे के पास डीसीएम का टायर पंक्चर हो गया। चालक और खलासी टायर बदलने लगे, तभी कबरई से गिट्टी लादकर लखनऊ जा रहा ट्राला पीछे से टकरा गया। हादसे में डीसीएम चालक और खलासी के अलावा बाराबंकी जिले के रामनगर निवासी ट्राला चालक रवि (20) पुत्र नन्हकऊ घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को एंबुलेंस से सीएचसी भेजा। बाद में महमुदुल रहमान और श्रवण कुमार को जिला पहुंचाया गया, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। कंटेनर चालक सीएचसी से भाग गया। मृतकों के पास मिले मोबाइल की मदद से परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। मृतक महमुदुल रहमान तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। पति की मौत से पत्नी जमीला, मां नूरजहां बेहाल हैं। तीन बच्चों में साइना बानो (4), सनोवत (2) और बेटा सैफ (6) है।
मृतक श्रवण की मां की पहले मौत हो चुकी है। पत्नी राजकुमारी, तीन बच्चों में सिद्धार्थ (6), दीवान (3), और आर्यन (1) है। पति की मौत के बाद से दोनों परिवारों पर बच्चों की परवरिश का संकट खड़ा हो गया है। एसओ शरद कुमार ने बताया की दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीएचसी के भागे ट्राला चालक का पता लगाया जा रहा है।
देर शाम तक नहीं हटा क्षतिग्रस्त ट्राला
हाईवे पर सोहरामऊ थानाक्षेत्र के भल्ला फार्म के पास गुरुवार सुबह हुई घटना के बाद एनएचएआई की लापरवाही सामने आई। टायर पंक्चर होने से सड़क घेरकर खड़ी डीसीएम से दूसरे वाहन न टकराएं इसके कोई प्रयास नहीं किए गए। टोल एजेंसी की रेस्क्यू टीम भी नहीं पहुंची। हादसे के बाद डीसीएम को तो पुलिस ने हाईवे से हटवा दिया लेकिन क्षतिग्रस्त गिट्टी लदा ट्राला देर शाम तक नहीं हटाया जा सका।