उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र के करोवन गांव में युवती की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मां ने सौतेले पिता पर जहर देने का आरोप लगाया है।
मगरवारा चौकी क्षेत्र के निबरहा गांव निवासी अजयकांत की 18 वर्षीय बेटी संध्या को शनिवार को परिजनों ने गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
कोतवाली पहुंची मृतका की मां सरला ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि उसने पांच साल पहले पति की मौत के बाद देवर से शादी कर ली थी। नशे की हालत में वह उससे व बेटी से मारपीट करता था।
पांच दिन से उसका बेटी से झगड़ा चल रहा था। आरोप लगाया कि शनिवार को वह घर से बाहर चली गई, इसी बीच सौतेले पिता ने उसे जहर खिला दिया। इसके बाद बेटी की हालत बिगड़ गई। उल्टियां होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। कोतवाल ओपी राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।