एसपी से मिलने आए लापता वृद्ध के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
मानसिक बीमार वृद्ध को अपने जाल में फंसाकर कुछ लोगों ने तीन बीघा जमीन बैनामा करा लिया। इसके बाद से वृद्घ लापता है। परिजन आठ दिनों से वृद्ध की तलाश कर रहे हैं। इनके एसपी कार्यालय और थाने के चक्कर लगाने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है। पत्नी ने बैनामा के रुपये न देने के लिए पति को गायब करने का आरोप लगाया है। पत्नी ने कहा कि, पुलिस कार्रवाई न कर किसी अनहोनी का इंतजार कर रही है।
सोहरामऊ थाना क्षेत्र के सादिकपुर खड़वारी गांव निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि पिता रामकिशोर मौर्य मानसिक रूप से बीमार चल रहे हैं। इलाज के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। 3 मई को लखनऊ के कुछ लोग उन्हें अपने साथ हसनगंज ले गए थे। देर शाम तक पिता के घर न लौटने पर खोजबीन शुरू की । उनका पता नहीं चला। 6 मई को हसनगंज तहसील पहुंचा तो उनकी तीन बीघा जमीन का बैनामा हो जाने की जानकारी हुई।
पिता के साथ अनहोनी की आशंका पर सोहरामऊ थाना पुलिस को मामला बताया। थाना पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। इसके बाद एसपी से गुहार लगाई। एसपी के निर्देश के बाद भी पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। बुधवार को लापता वृद्ध की पत्नी रामपती बच्चों के साथ एसपी से मिलीं। पति को खोजने की मांग करते हुए यह सिसक पड़ीं। इनका कहना है कि पुलिस किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रही है। एसपी नेहा पांडेय ने एसओ मुकेश बाबू को कार्रवाई कर वृद्ध को खोजने के निर्देश दिए हैं।