थाना क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर चोरों ने दो घरों से लाखों का माल पार कर दिया। एक घर में मेन दरवाजे की कुंडी खोलकर व दूसरे में दरवाजे में लगी ईंटों को हटाकर चोर अंदर घुसे। कमरों में रखे बक्सों के ताले तोड़ चोरों ने दोनों घरों से करीब तीन लाख का माल पार कर दिया। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
दो लाख के जेवरात ले गए
पहली घटना में थानाक्षेत्र के उदितखेड़ा गांव निवासी विजय बहादुर मंगलवार रात घर के बरामदे में सो रहे थे। उनकी पत्नी बबली बच्चों के साथ आंगन में लेटी थी। देर रात चोर घर के बाहरी तरफ लगे दरवाजे की ईंटें हटाकर अंदर घुस गए। चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर बक्से में रखे करीब दो लाख के जेवरात पार कर दिए। सुबह नींद खुलने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई।
जरा सी चूक का चोरों ने उठाया फायदा
दूसरी घटना थानाक्षेत्र के गलरापुर गांव निवासी कमल किशोर के घर हुई। मंगलवार रात कमल पत्नी बच्चों के साथ घर के बाहर छप्पर के नीचे सोया था। मेन दरवाजे में उसने ताला नहीं डाला था। चोरों ने इसी का फायदा उठाकर कुंडी खोली और अंदर घुस गए।चोरों ने कमरे का ताला तोड़ बक्से में रखे लगभग एक लाख के जेवरात पार कर दिए। सुबह कमल किशोर को घटना की जानकारी मिली।
जांच की बात कह पुलिस ने झाड़ा पल्ला
कमल किशोर व उदितखेड़ा गांव निवासी विजय बहादुर ने घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घटना की जांच करने की बात कह दोनों को चलता कर दिया। पीड़िताें ने बताया कि पुलिस की उदासीनता से चोर आए दिन घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। चार दिन पहले चोरों ने हाथीखेड़ा गांव निवासी रामावतार के घर से नकदी, जेवरात समेत 70 हजार का माल पार किया था। इस घटना में भी पुलिस ने जांच की बात कह पल्ला झाड़ लिया था। कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में आक्रोश है।