नवाबगंज। अजगैन थानाक्षेत्र में चोरों ने करीब सौ साल पुराने ठाकुर द्वारा में स्थापित राम-सीता और लक्ष्मण की मूर्तियां पार कर दी। पुश्तैनी मंदिर की देखभाल कर रहे लोगों ने मूर्तियां पीतल की होने की जानकारी दी तब पुलिस ने रात की सांस ली।
अजगैन थानाक्षेत्र के नवाबगंज कसबा के मोहल्ला पछियावां स्थित करीब सौ साल पुराना ठाकुरद्वारा मंदिर है। मंदिर के पास ही रहने वाले संस्थापक के पौत्र अमर पाल सिंह और उनकी पत्नी रूपा सिंह मंदिर की देखभाल करते हैं। मंगलवार शाम करीब 6 बजे रूपा सिंह मंदिर में पूजा-अर्चना करने गईं थीं।
पूजा के बाद वह मंदिर बंद करके घर लौट गईं। बुधवार सुबह मंदिर का ताला टूटा देखा तो सनसनी फैल गई। यहां से भगवान राम, सीता और लक्ष्मण की मूर्तियां गायब थीं।
घटना की सूचना पर अजगैन थानाध्यक्ष आरके शर्मा मौके पर पहुंचे और तफ्तीश की। पुलिस लाइन से पहुंची फील्ड यूनिट ने फिंगर प्रिंट लिए। सीओ माजिद अबसार ने तफ्तीश की।
पुलिस को शक है मंगलवार शाम को जिस समय रूपा सिंह मंदिर में पूजा करने गई थीं उसी समय कोई चोर छिपकर बैठ गया और रात में मूर्तियां चोरी करने के बाद मदिर के दूसरे दरवाजे में भीतर से बंद ताला तोड़कर बाहर निकल गया। सीओ ने बताया कि घटना से संबंधित कई क्लू मिले हैं जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।