बिछिया। सोनिक रेलवे स्टेशन पर वनस्पति फॉर्चून की रैक की रखवाली के लिए तैनात प्राइवेट चौकीदार ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सोनिक रेलवे स्टेशन स्थित माल गोदाम में चार दिन पहले रॉक गोल्ड व फॉर्चून की रैक आई थी। यहां से कंपनी वनस्पति की सप्लाई पूरे प्रदेश में करती है। रैक की रखवाली के लिए ठेकेदार ने अजगैन कोतवाली की ग्रामसभा धाराखेड़ा के मजरे मकूर निवासी गनेशी (52) को तैनात किया था।
मंगलवार सुबह गनेशी ट्रैक नंबर चार पार कर रहा था। वह कानपुर से लखनऊ की ओर से आ रही एलकेएम को नहीं देख पाया। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। गोदाम में काम करने वाले श्रमिकों ने बताया कि चार नंबर लाइन पर हमेशा मालगाड़ी ही आती है।
आज एलकेएम आ गई। मजदूरों के मुताबिक ट्रेन आने की घोषणा भी नहीं सुनाई पड़ी। गनेशी ही परिवार का पालन-पोषण करता था। गनेशी की मौत से परिवार बेसहारा हो गया। पत्नी कलावती ने बताया उसके पास न खेत हैं, न ही राशन कार्ड। चार बेटियों में अंजली (16) के अलावा संजनी, कोमल, सौम्या व दो छोटे लड़के पवन व सचिन हैं। गनेशी की मौत से परिवार के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया।