ऊगू कसबा स्थित पंजाब नेशनल बैंक में सेंध लगाकर घुसे चोरों ने स्ट्रांगरूम का दरवाजा और एटीएम तोड़ डाला। गनीमत यह रही कि चोर तिजोरी और एटीएम का कैश बॉक्स तोड़ने में सफल नहीं हो पाए। इस पर खिसियाए चोरों ने यहां रखे बाउचर बॉक्स में आग लगा दी और भाग निकले।
रात में धुआं निकलता देख लोगों ने पुुलिस को सूचना दी। बैंक मैनेजर के मुताबिक चोर कोई कीमती अभिलेख या कैश ले जाने में सफल नहीं हो पाए हैं। पीएनबी बैंक में सेंध लगाने की घटना ने हाईटेक पुलिस की पोल खोलकर रख दी है।
फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के ऊगू कसबा में कानपुर निवासी कृष्ण गोपाल दीक्षित के मकान में किराए पर पंजाब नेशनल
बैंक है। बैंक से लगा कृष्ण गोपाल का खाली मकान है। इस मकान की चाभी बैंक के चपरासी नन्हा के पास है। रविवार रात चोर इसी खाली मकान में घुसे और दीवार में सेंध काटकर बैंक के रिकार्डरूम तक पहुंच गए।
चोरों ने रिकार्ड रूम के बगल में स्थित स्ट्रांगरूम के दरवाजे का ताला तोड़ दिया। चोरों ने यहां रखी तिजोरी तोड़ने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं पाए। तोड़ने में तिजोरी का हैंडिल टूट गया। चोरों ने एटीएम मशीन तोड़ने का प्रयास किया मगर कैश बॉक्स नहीं खोल पाए।
वापस जाते समय चोरों ने यहां रखे पेमेंट बाउचर बॉक्स व अन्य अभिलेखों में आग लगा दी। रात करीब बारह बजे आसपास के लोगों ने बैंक से धुआं निकलता देखा तो पुलिस को सूचना दी। ऊगू पुलिस चौकी इंचार्ज हरिप्रसाद सरोज मौके पर पहुंचे। इसके बाद बैंक मैनेजर करुणाशंकर तिवारी को सूचना दी गई।
तड़के चार बजे बैंक मैनेजर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में उन्होंने बैंक के भीतर जाकर देखा। उनके मुताबिक कुछ भी चोरी नहीं हुआ है। सुबह एसपी एमपी सिंह, सफीपुर सीओ आरके सिंह और बैंक के सुरक्षा अधिकारी संजय जैन पहुंचे और तफ्तीश की। इसके बाद पुलिस लाइन से डॉग स्क्वायड को बुलाया गया हालांकि स्निफर डॉग पुलिस की कोई मदद नहीं कर पाया।
पुलिस ने तफ्तीश के दौरान बैंक में लगे सीसी टीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाली मगर रविवार 4.30 तक ही रिकार्डिंग डेटा मिला। बैंक मैनेजर करुणाशंकर के मुताबिक दो दिन से लाइट नहीं आई है इससे जब तक इनवर्टर बैकप रहा तभी तक रिकार्डिंग हुई है।
ऊगू की पीएनबी शाखा में दो महीने में दूसरी बार चोरी के प्रयास की इस घटना को लेकर तमाम तरह के सवाल खड़े होने लगे हैं। पुलिस भी घटना के पीछे कुछ और मंतव्य होने की आशंका जता रही है। हालांकि फतेहपुर चौरासी थानाध्यक्ष मनोज मिश्रा जांच के बाद ही कुछ बता पाने की बात कह रहे हैं।
बीती 19 दिसंबर की रात चोरी के प्रयास की घटना के बाद फतेहपुर चौरासी थानाध्यक्ष ने बैंक मैनेजर को पत्र लिखकर बैंक की दीवारों की मरम्मत के लिए पत्र लिखा था। थानाध्यक्ष के इस पत्र को रिसीव करने के बाद भी बैंक मैनेजर ने मरम्मत नहीं कराई।
कानपुर से आई बैंक के सुरक्षा अधिकारी ने भी लापरवाही की बात कही। वहीं बैंक मैनेजर करुणाशंकर तिवारी का कहना है कि वह उच्चाधिकारियों से बात कर जल्द ही बैंक शाखा को कसबा में किसी अन्य सुरक्षित भवन में शिफ्ट कराएंगे।