उन्नाव। शहर कोतवाली से पचास कदम की दूरी पर बाइक सवार बदमाशों ने एक व्यापारी पर जान लेवा हमला बोल दिया। हमलावरों ने व्यापारी पर तमंचे से फायर किया जो मिस हो गया। इसके बाद हाथापाई शुरू हो गई। छीनाझपटी में व्यापारी ने तमंचा छीन लिया। रात का वक्त होने से दोनों हमलावर भाग निकले। तफ्तीश में जुटी पुलिस पास के एटीएम में लगे सीसी टीवी कैमरे की फुटेज खंगालने के साथ ही सर्विलांस की मदद ले रही है। कोतवाली से कुछ कदम की दूरी पर घटना से शहर में सनसनी मच गई। देर रात सीओ सिटी ने भी घटना स्थल पहुंचकर पड़ताल की।
शहर के मोहल्ला एबी नगर निवासी आशीष मदान की उनके मकान के नीचे ही फिश इम्पोरियम की दुकान है। शुक्रवार को वह कार से पड़ोस में रहने वाले अपने दोस्त परवेज आलम के साथ कानपुर खरीदारी करने गए थे। रात करीब 10.30 लौटे और दुकान चले गए। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पहुंचे और आशीष से किसी राजू नाम के युवक के बार में पूछा। उन्होंने इनकार किया तभी एक युवक ने तमंचे से फायर कर दिया। फायर मिस होते ही आशीष ने हमालवर का हाथ पकड़ लिया। इसी बीच शोरशराबा सुनकर आशीष के दो बेटे बाहर आ गए और शोर मचाने लगे। इसी दौरान दूसरे युवक ने तमंचे से गोली मारने का प्रयास किया लेकिन उसका भी फायर मिस हो गया। इस पर आशीष ने हिम्मत दिखाई और बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन बदमाश का तमंचा ही उनके हाथ आ पाया और वह दोनों भाग निकले। सूचना पर एसआई मो. मन्नान मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी करके कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय को सूचना दी। कोतवाल ने पहुंचकर शुरुआती तफ्तीश की। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। कोतवाली के पास हुई वारदात लोगों में चरचा का विषय बनी है। पीड़ित के बताए गए हुलिया के मुताबिक दोनों हमलावरों की उम्र 23 से 25 वर्ष ही थी। एक हमलावर कैफ्री व टीशर्ट पहने था जबकि दूसरा जींस-टीशर्ट पहने था। एक युवक के गले में टैटू जैसा कुछ निशान भी था।
इनसेट
एक एटीएम का कैमरा बंद, दूसरा साफ नहीं
पीड़ित व्यापारी आशीष मदान के दुकान के पास ही इलाहाबाद बैंक का एटीएम बूथ है जबकि जहां युवकों ने बाइक खड़ी की थी वहां यूको बैंक का एटीएम लगा है। पुलिस को उम्मीद थी कि एटीएम बूथ में लगे सीसी टीवी कैमरे हमलावरों तक पहुंचने में मदद करेंगे। लेकिन घटना के दौरान इलाहाबाद बैंक का सीसी टीवी कैमरा 9.30 से 11 बजे तक बंद रहा। सिक्योरिटी गार्ड का कहना है कि वह एटीएम बंद कर खाना खाने गया था। जबकि यूको बैंक की सीसी टीवी फुटेज बहुत ज्यादा साफ नहीं है। हालांकि पुलिस तफ्तीश में जुटी है।
इनसेट
निकाले गए सिक्योरिटी गार्ड का हाथ तो नहीं!
कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि आशीष का कुछ दिन पहले इलाहाबाद बैंक के एटीएम बूथ में तैनात सिक्योरिटी गार्ड से झगड़ा हुआ था। शिकायत पर सिक्योरिटी एजेंसी ने उसे निकाल दिया था। पुलिस जानलेवा हमले और सिक्योरिटी गार्ड से झगड़े की घटना के बीच क्लू खोजने का प्रयास कर रही है।