उन्नाव। दिल्ली से कमाई कर लौट रहे दो युवकों को जहरखुरानों ने चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर लूट लिया। शक होने पर यात्रियों की सूचना पर कंडक्टर ने बीघापुर थाने के सामने बस रुकवाकर जहर खुरान को पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
जहरखुरानी के शिकार हुए दोनों युवकों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया और उनके परिजनों को सूचना दी। एक युवक को गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया गया। बस के कंडक्टर की तहरीर पर पुलिस ने हरदोई निवासी जहरखुरान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बिहार थानाक्षेत्र के नयाखेड़ा गांव निवासी अमरेंद्र (30) और बेहटा भवानी गांव निवासी अतुल (32) गाजियाबाद में रहकर एक कंपनी में नौकरी करते हैं। करीब एक साल बाद दोनों घर लौट रहे थे।
बुधवार को दोनों दिल्ली से रायबरेली जाने वाली रोडवेज बस में बैठे थे। सफर के दौरान बगल की सीट पर बैठे एक युवक ने कन्नौज के पास एक ढाबे में चाय पिलाई। चाय पीने के कुछ देर बाद दोनों बेहोश हो गए।
जहरखुरान ने अमरेंद्र की जेब से 20 हजार रुपये और मोबाइल फोन और अतुल की जेब से 1200 रुपये और मोबाइल पार कर दिया। दोनों युवकों को बेहोश देख पीछे की सीट पर बैठी एक महिला व अन्य यात्रियों को शक हुआ तो उन्होंने बस के परिचालक को बताया। परिचालक ने उन्नाव-रायबरेली मार्ग पर स्थित बीघापुर थाने के पास बस रुकवाई और यात्रियों की मदद से जहरखुरान को पुुलिस के सुपुर्द किया।
बेहोश हुए यात्रियों को पुलिस ने स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में अमरेंद्र को कानपुर रेफर कर दिया गया।
बीघापुर थानाध्यक्ष नजरुल हसन सिद्दीकी ने बताया कि जहर खुरान ने अपना नाम पिंकू लोहार निवासी हरदोई जिले के डरसा थाना पिहानी बताया है। उसके पास से मुसाफिर का मोबाइल और नगदी भी बरामद हुई है। क्लीनर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।