मौरावां थानाक्षेत्र दीवानबक्श खेड़ा में महिला की हत्या में पति ही कातिल निकला। बदचलनी के शक में दंपति में अक्सर विवाद होता था। शनिवार को बात इतनी बढ़ी कि पति ने पत्नी की गर्दन पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ कई वार कर मौत के घाट उतार दिया। मृतका के भाई ने बहनोई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
शनिवार को गांव निवासी रविशंकर नाई की पत्नी सीमा (38) का शव उसके ही घर में मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस को पति ने घटना से अनजान होने की कहानी सुनाई थी। आशंका पर पुलिस ने पति को उठाया था । पुलिस पूछताछ में हत्योरोपी रविंशकर ने बताया कि उसे पत्नी के चाल-चलन पर शक था। शुक्रवार को उसने खेत से लौटते समय पत्नी को गांव के ही एक विरोधी युवक के साथ बाइक पर जाते देखा था। इसी बात को लेकर शनिवार दोपहर विवाद हुआ। आवेश में आकर उसे कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ की वार कर हत्या कर दी। घटना के समय मझला बेटा अंकित खेत पर था, जबकि सबसे छोटा बेटा सचिन बाहर सो रहा था। पत्नी की हत्या करने के बाद उसने खून साफ किया और बेटे को लेकर खेत चला गया। साजिशन खेत से लौटकर शोर मचाकर लोगों को घटना की जानकारी दी और खुद को अनजान बताया। असोहा थानाक्षेत्र के पिपरी गांव निवासी मृतका के भाई अमित ने अपने बहनोई (मृतका) के पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। मौरावां थानाध्यक्ष धर्मप्रकाश शुक्ला ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।