परियर के जानकीकुंड स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में सोमवार सुबह स्कूल के शौचालय में युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शौचालय से बदबू आने पर स्टाफ को घटना का पता चला। मौके पर पहुंची सफीपुर कोतवाली पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव कई दिन पुराना होने से मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।
सोमवार सुबह आठ बजे के करीब स्कूल के प्रधान टीचर विनोद कुमार वर्मा, शिक्षक कृष्णचंद्र त्रिपाठी एक अन्य कर्मी राजेश के साथ स्कूल पहुंचे। गेट खोलते ही जैसे सभी लोग स्कूल के अंदर दाखिल हुए तेज दुर्गंध महसूस हुई। शौचालय की ओर बदबू आने की आशंका पर सभी लोग वहां पहुंचे। शौचालय में युवती का सड़ा गला शव देखकर सभी के होश उड़ गए। शव पूरी तरह काला पड़ चुका था। चेहरा किसी तरह से पहचान में नहीं आ रहा था। सूचना प्रधान टीचर ने पुलिस को दी। इस बीच जानकारी होने पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। पुलिस ने शव 8-10 दिन पुराना होने की संभावना जताई है। मृतका की उम्र 25-30 साल के करीब बताई जा रही है। शरीर पर लाल कुर्ता व हरा सलवार है। 10 जून को ग्रीष्मावकाश के बाद स्कूल दो जुलाई को खुला था। उस दिन स्कूल में सिर्फ चार बच्चे आए थे।
ग्रामीणों का कहना है कि जब शव दस दिन पुराना है तो दो दिन पहले स्कूल खुलने पर घटना की जानकारी क्यों नहीं हुई। प्रधान शिक्षक ने बताया कि दो जुलाई को कोई भी शौचालय की ओर नहीं गया था। स्कूल के अतिरिक्त कक्ष के बाहर चबूतरे पर खून के निशान मिले हैं। साथ ही युवती के पैर भी मुडे़ हैं। लोगों ने हत्या से पहले उसके साथ बड़ी अनहोनी की आशंका जताई है। सफीपुर कोतवाली प्रभारी हनुमान प्रसाद पांडेय का कहना है कि शव के पास युवती सैंडल मिली है। सबसे पहले युवती की पहचान होनी जरूरी है। पहचान के बाद उसकी मौत की वजह का पता लगाया जाएगा।
तो बाउंड्री लांघकर युवती पहुंची अंदर!
प्रधान शिक्षक के स्कूल पहुंचने पर गेट का ताला बंद मिला। ताला बंद होने के बावजूद स्कूल के अंदर किसी का दाखिल होना घटना को और संदिग्ध बना रहा है। ग्रामीणों की माने तो युवती बाउंड्री लांघकर अंदर पहुंची है। चर्चा यहां तक है कि युवती की हत्या में एक से अधिक लोगों का हाथ है।
विक्षिप्त युवती का शव होने की आशंका
कोतवाली प्रभारी हनुमान प्रसाद पांडेय ने बताया कि घटनास्थल की जांच के दौरान कुछ ग्रामीणों बताया कि गांव में कई दिन से एक विक्षिप्त युवती घूम रही थी। वह भी इसी रंग के कपड़े पहने थी। कुछ दिनों से युवती किसी को दिखाई नहीं दी। कोतवाल ने हर पहलू पर जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
नहीं रुक रहा अज्ञात शवों के मिलने का सिलसिला
आठ दिन पहले हाईवे स्थित सदर कोतवाली क्षेत्र के हीरा गार्डेन के पास महिला का जला-भुना शव मिला था। पुलिस के लिए महिला की पहचान और खुलासा बेहद मुश्किल हो गया था। घटना के छह दिन बाद कानपुर की पनकी पुलिस ने घटना का खुलासा कर कोतवाली पुलिस को राहत दे दी। लगभग चार माह पहले अचलगंज के कोलुहागाड़ा मार्ग पर हत्या कर किशोरी का शव खेत में फेक दिया गया था। 10 दिन पहले थाने पहुंचे हाथरस के दंपति ने किशोरी के कपड़े व गले की आर्टीफिशियल माला से बेटी के रूप में पहचान की थी। अभी तक पुलिस हत्या का रहस्य नहीं सुलझा पाई। युवती का शव मिलने के तीन दिन बाद कोलुहागाड़ा मार्ग पर एक 30 वर्षीय युवक का शव मिला था। एक माह बाद उसकी भी पहचान पुलिस ने कर ली पर अभी तक हत्या का खुलासा नहीं हो सका। लगभग दो वर्ष पहले सदर कोतवाली के ललऊखेड़ा और मुगलपुर के बीच 20 वर्षीय युवती का शव मिला था। पुलिस न ही युवती की पहचान कर पाई और न ही खुलासा।