अजगैन में घर के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर और औरास में छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने कमरे में रखे बक्से पार कर दिए। घटना के समय परिवार के लोग छत पर सो रहे थे। पीड़ितों ने नकदी जेवरात समेत लगभग डेढ़ लाख का माल चोरी होने की तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है।
हसनगंज प्रतिनिध के अनुसार अजगैन के झलोथर गांव निवासी हाशिम अली शुक्रवार रात खाना खाने के बाद परिवार के साथ छत पर सोने चला गया। सुबह उठा तो कमरे का ताला टूटा मिला। कमरे में रखे दो बक्से चोर पार कर ले गए। पड़ोसियों की मदद से पीड़ित हाशिम ने बक्सों की तलाश शुरू की। गांव के बाहर बक्से टूटे देख वह दंग रह गया। पीड़ित ने बताया कि चोर बक्से में रखी 50 हजार की नकदी और जेवरात समेत एक लाख का माल पार कर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज कर जल्द खुलासे का भरोसा दिलाया है।
औरास प्रतिनिधि के अनुसार मोहम्मदपुर चक निवासी नरेंद्र शुक्रवार को परिवार के साथ छत पर सो रहा था। सुबह उठने पर कमरे का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर बक्से गायब मिले। कमरे का सामान बिखरा देख उसने चोरी की जानकारी पड़ोसियों को दी। कुछ देर बाद पूरे गांव में घटना की चर्चा हो गई। इसी बीच गांव के लोगों ने मेवालाल की यूके लिप्टस की बाग में दो बक्से टूटे देखे। बाद में पता चला कि यह बक्से नरेंद्र के घर से चोरी किए गए। मौके पर पहुंचे नरेंद्र ने बक्सों की पहचान कर छह हजार नकदी व जेवरात मिलाकर 25 हजार का माल चोरी होने की बात कही। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना की जांच के दौरान पुलिस ने मामले को संदिग्ध बताया है।
इनसेट।
रात्रि गश्त पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
सड़क के मुख्य मार्ग पर पुलिस जीप का सायरन और गांव के रास्तों में चोरों की पैठ। यह है पुलिस गश्त की हकीकत। शुक्रवार अजगैन थाना क्षेत्र में चोरों की चहलकदमी के बाद गांव के लोगों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस की जीप रात में मुख्य मार्ग पर सायरन बजाती निकल जाती है। पुलिस गांव की एक भी गली से होकर निकले तो चोर घटनाओं को अंजाम देने से कतराएंगे। पुलिस गश्त की हकीकत को भांपकर चोर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ग्रामीणों ने एसपी से मिलकर अपना पक्ष रखने की बात कही।