अचलगंज। थानाक्षेत्र के गांव शंकरखेड़ा में सोमवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। इससे चार घरों की लाखों की गृहस्थी जल गई। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।शंकरखेड़ा निवासी गंगाविष्णु, जयशंकर, ब्रह्मदीन व मनोहर गांव के बाहर आबादी की जमीन पर झोपड़ी बनाकर रह रहे हैं। सोमवार रात गंगाविष्णु के फूस बंगले में आग लग गई। लपटाें ने पास की झोपड़ियों को भी चपेट में ले लिया।
भीषण आग देख ग्रामीण एकजुट हुए। इन्होंने आग बुझाने का प्रयास किया। आग से चार झोपड़ियों में रखा अनाज, कपड़ा व गृहस्थी का सामान व नगदी भी जल गई। ग्राम प्रधान सुनीता वर्मा ने चारो प्रभावित परिवारों के लिए भोजन की व्यवस्था कराई। इन सभी के आवास बने हैं। इसके बाद भी यह झोपड़ियों में रह रहे थे।