नर्सिंगहोम में भर्ती लूट का शिकार हुआ संजू।
- फोटो : अमर उजाला
लुटेरों ने चालक को नशीला पदार्थ पिलाकर झाड़ियों में फेक दिया और ट्रैक्टर लेकर भाग निकले। चालक का हसनगंज के एक नर्सिंगहोम में इलाज चल रहा है। पीड़ित के भाई ने हसनगंज थाने में घटना की तहरीर दी है।
हसनगंज थानाक्षेत्र के मौलवीखेड़ा गांव निवासी संजू चौहान सोमवार को ट्रैक्टर से अपनी बाग के आम लेकर फरहदपुर आम मंडी गया था। आम की पेटियां आढ़त पर उतारने के बाद वह ट्रैक्टर लेकर लौट रहा था। सोमवार को करीब दस बजे वह हसनगंज कसबा में बस स्टाप के पास पहुंचा तभी चार युवक मिले और खुद को मोहान कसबा निवासी बताते हुए उन्नाव शहर से घरेलू सामान का भाड़ा लेकर मोहान आने की बात कही। 1400 रुपये में भाड़ा तय हुआ। इसके बाद संजू ने अपने भाई संदीप को फोन करके भाड़ा लेने उन्नाव जाने की जानकारी दी। देर रात तक वापस न लौटने पर भाई व अन्य परिजनों ने फोन मिलाया लेकिन फोन बंद होने से बाद नहीं हो सकी।
उन्नाव शहर के पास एक होटल पर बदमाशों ने नाश्ता किया और संजू को बहाने से कोल्डि ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। कुछ देर बाद संजू बेहोश हो गया तो लुटेरों ने उसे उन्नाव हरदोई मार्ग पर माखी थानाक्षेत्र में रऊ गांव के एक ईट-भट्ठे के पास झाड़ियों में फेंक दिया। सुबह खेतों क ओर जा रहे लोगों ने युवक को नशे की हालत में पड़े दाखा तो उसे उठाकर रऊ चौराहा लेकर पहुंचे और इलाज कराया। जेब से मिली डायरी में लिखे नंबर पर लोगों ने परिजनों को सूचना दी। इसी दौरान संजू को खोज रहा भाई संदीप व परिवार के अन्य लोग पहुंच गए।
परिजनों ने काफी देर तक इधर-उधर खोजा लेकिन ट्रैक्टर व ट्राली का कहीं पता नहीं चला। परिजनों ने संजू को हसनगंज स्थित एक नर्सिंगहोम में भर्ती कराया है। भाई संदीप ने हसनगंज थाने में तहरीर दी है। हसनगंज थानाध्यक्ष मनोज मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिली है घटना की जांच की जा रही है।