कानपुर-लखनऊ हाईवे पर शनिवार को जाजमऊ क्षेत्र में एक बुजुर्ग घायल अवस्था में मिला था। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां कुछ घंटों बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस की सूचना पर मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे उनके बेटे ने लूट के बाद हत्या का आरोप लगाया है।
जिला बागपत, रायवाड़ा के करठल गांव निवासी रजाउद्दीन (70) शनिवार को हाईवे किनारे एक ढाबा के समीप घायल अवस्था में मिले थे। राहगीरों की सूचना पर गंगाघाट पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां इलाज के दौरान देर रात बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। उसके पास विजिटिंग कार्ड निकला था। उस पर लिखा मोबाइल नंबर उसके बेटे मौसम अली का था। पहचान होने पर पुलिस ने शव को रखा दिया था।
मंगलवार को बेटे मौसम अली व उसके भांजे सजैद अली पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। बेटे ने बताया कि पिता 50 हजार रुपये लेकर फरीदाबाद जा रहे थे। नगदी न मिलने पर बेटे ने लूट के बाद हत्या की बात कही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के सिर में गंभीर चोटें से मौत होने की पुष्टि हुई है। जो हत्या के आरोपों को बल दे रहा है। गंगाघाट थाना प्रभारी अरुण द्विवेदी ने बताया कि अभी तक मृतक पक्ष से कोई तहरीर नहीं आई है। फिर भी मामले की जांच चल रही है।