अमर उजाला ब्यूरो
उन्नाव। एआरटीओ पर छापेमारी और रिकार्ड रूम व शौचालय से 22 बाहरी लोगों की गिरफ्तारी के बाद सील किया गया कार्यालय सोमवार दोपहर को जांच के लिए खोला गया।
इस दौरान एक युवक शौचालय की दोछत्ती में छिपा मिला। युवक को हिरासत मेें लेकर बाबुओं के केबिन व एआरटीओ प्रवर्तन के कार्यालय की सघन तलाशी ली गई।
जांच में मिले कागजातों को टीम ने जब्त कर कब्जे में लिया। देर शाम तक दोनों एसडीएम की देखरेख में जांच जारी रही। शुक्रवार को पकड़े गए 22 बाहरियों को जेल भेजा गया।
रातभर कार्यालय में बंद रहे युवक सहित दो और पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
उप संभागीय परिवहन कार्यालय के सील दफ्तर का ताला शनिवार दोपहर करीब 1 बजे डीएम रवि कुमार एनजी की मौजूदगी में एसडीएम सदर मेधा रूपम व एसडीएम हसनगंज मनीष बंसल ने खुलवाया। डीएम ने दोबारा कार्यालय में सघन सर्च अभियान चलवाया। इस दौरान रिकार्ड रूम के पास बने शौचालय की छत पर गौरव मिश्
रा नाम का एक युवक छिपा मिला। छापेमारी के करीब 21 घंटे बाद युवक की बरामदगी से अधिकारी एक-दूसरे के मुंह देखने लगे। एसडीएम ने युवक को फटकार लगाते हुए पुलिस के सुुपुर्द किया। इसके बाद बाबुओं के केबिनों की सघन तलाशी ली गई। तलाशी में बाबुओं के केबिन से कुछ फाइलें बरामद हुईं। इन पर बाहरी युवकों के नाम लिखे थे।
अधिकारियों ने फाइलें व अन्य कागजात एसडीएम को सौंपे। देर शाम तक दोनों एसडीएम ने सभी बाबुओं से अलग-अलग पूछताछ कर अहम जानकारियां जुटाईं। एआरटीओ प्रवर्तन मनोज वर्मा के दफ्तर को भी खंगाला गया। अधिकारियों के सख्त तेवरों से एआरटीओ के बाबुओं के साथ ही पकड़े गए युवकों के हमदर्दों में हड़कंप का माहौल बना है।
डीएम रविकुमार एनजी ने बताया कि पकड़े गए 23 बाहरी युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया है। कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। साथ ही कार्यालय के दो-तीन चर्चित बाहरियों के खिलाफ जल्द ही सख्त कार्रवाई की बात कही।
--------
इनसेट
नायब तहसीलदार ने एक युवक की मौजूदगी का किया था दावा
नायब तहसीलदार सुदीप तिवारी डीएम व एसडीएम के पहुंचने के करीब बीस मिनट पहले एआरटीओ पहुंच गए थे। उन्होंने कार्यालय परिसर में पहुंचते ही दफ्तर में एक युवक के होने की शंका जाहिर की थी।
-----------
इनसेट
बड़ी मछलियां डीएम के रडार पर
एआरटीओ का सघन निरीक्षण करने के बाद डीएम मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई अभी शुरू हुई है। उन्होंने कार्यालय में खास पैठ रखने वाले दो-तीन चर्चित बाहरी युवकों को चिन्हित कर जल्द सख्त कार्रवाई की बात कही। साथ ही कार्यालय के बाबुओं की लगातार मानीटरिंग कराए जाने का दावा किया।
---------
इनसेट
शौचालय व गैलरी में मिले 50 हजार के नोट
एआरटीओ में शुक्रवार शाम हुई छापेमारी से लेकर शनिवार तक चली जांच के दौरान करीब 50 हजार रुपये एआरटीओ प्रवर्तन के दफ्तर, शौचालय व बाबुओं के केबिन से बरामद किए गए हैं। इसकी पुष्टि जांच टीम में शामिल शहर क्षेत्र के एक राजस्व कर्मी ने की है। शनिवार को एआरटीओ प्रवर्तन मनोज वर्मा डीएम से दफ्तर में मिली नगदी के बारे में किसी भी जानकारी से इनकार करते रहे। डीएम एआरटीओ को जांच में सहयोग की बात कहकर आगे बढ़ गए।
--------
इनसेट
दलालों से मुक्त होगा एआरटीओ-डीएम
डीएम रवि कुमार एनजी ने ‘अमर उजाला’ से बातचीत में एआरटीओ को अपने कार्यकाल में दलाल मुक्त रखने का दावा किया। उन्होंने बताया कि कार्यालय में बाहरियों की धमाचौकड़ी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों की पुष्टि के बाद कार्रवाई की गई है। बाबुओं के अलावा अधिकारियों की गोपनीय मानीटरिंग की बात भी कही।
--------
इनसेट
अगर बेटा बेकसूर है, तो नहीं होगी कार्रवाई
शुक्रवार को छापेमारी में पकड़े गए 22 बाहरियों में आवास विकास निवासी सौरभ भी शामिल थे। सौरभ की मां पुष्पा चतुर्वेदी बेटी के साथ डीएम से मिलने एआरटीओ पहुंच गईं। यह डीएम को 8 दिसंबर की टैक्स जमा की रसीद दिखाकर बेटे को बेकसूर बता फफक कर रो पड़ीं। डीएम ने एसडीएम मेधा रूपम से जांच कर सौरभ के निर्दोष पाए जाने पर छोड़ने के निर्देश दिए।
---------
इनसेट
बाबुओं के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति
छापेमारी के दौरान बाहरी युवकों को रिकार्ड रूम में छिपाने में फंसे बाबू अंकुर अग्रवाल व धर्मेंद्र शर्मा को डीएम ने रडार पर लिया है। डीएम ने दोनों बाबुओं के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की रिपोर्ट शासन में भेजने की जानकारी दी है। बाबुओं की गर्दन फंसने से स्टाफ में अफरा तफरी का माहौल बना रहा।
---------
इनसेट
सुबह चार बजे तक चली थी जांच
एआरटीओ में शुक्रवार शाम करीब चार बजे एसडीएम ने राजस्व कर्मियों व पुलिस के साथ छापेमारी शुरू की थी। रात दस बजे तक कार्यालय के अलग-अलग हिस्सों में छिपे 22 बाहरी युवक पकड़े गए। वहीं कुछ बाबुओं के केबिन से प्रतिबंधित कागजात व कैश से अतिरिक्त रकम बरामद हुई थी। कार्यालय में खामियों की परत दर परत खुलती चली गई। इसके चलते जांच भोर पहर चार बजे तक चलती रही।
-----------
24 पर रिपोर्ट, 22 गए जेल
छापेमारी में शुक्रवार को शुभम, दिनेश कुमार, संजय यादव, दिनेश कुमार, सौरभ चतुर्वेदी, प्रदीप वर्मा, ब्रजेश तिवारी, मो. मुशीर, नीरज कुमार सोनी, अंकित मिश्रा, लोकेश उपाध्याय, राजकुमार, अखिलेश कुमार, संजय कुमार तिवारी, राकेश कुमार, ऋषभ, संजय कुमार, अनूप अवस्थी, विनीत कुमार, अली अब्बास, सुमित, रत्नेश बाजपेई हिरासत में लिए गए थे। देर रात एआरटीओ प्रशासन एके त्रिपाठी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने 24 बाहरियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पकड़े गए 22 युवकों को शनिवार जेल भेज दिया। वहीं मुकदमा सूची में शामिल जीतेंद्र उर्फ जीतू मिश्रा व आशीष यादव की गिरफ्तारी को पुलिस दबिश दे रही है।
----------
इनसेट
बाबुओं के बयानों की वीडियोग्राफी
शनिवार को डीएम ने पूरी जांच प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई। इसके अलावा बाबुओं के बयानों की भी वीडियोग्राफी कराई गई। वीडियोग्राफी के साथ ही दोनों एसडीएम ने सीसीटीवी फुटेज भी बारीकी से चेक किए।