औरास। थानाक्षेत्र के गोबरा गांव में मायके से पत्नी के न आने पर युवक ने 14 माह के बेटे का अपहरण कर लिया। परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने बच्चे के साथ युवक को पकड़ लिया। बच्चे को मां के सुपुर्द कर आरोपी युवक को औरास पुलिस के हवाले किया गया है।
औरास थानाक्षेत्र के सीमऊ गांव निवासी एक युवक की गोबरागांव निवासी महिला से दो वर्ष पूर्व शादी हुई थी। एक माह पूर्व महिला पति से विवाद के बाद मायके आ गई थी। शुक्रवार को युवक पत्नी को मायके से लिवाने पहुंचा। जहां महिला ने जाने से इनकार कर दिया। इस पर युवक ने हंगामा किया। इस बीच मौका पाकर वह अपने 14 माह के बच्चे को चोरी से लेकर भाग निकला।
कुछ घंटे बाद कमरे से बच्चे को गायब देख महिला ने उसकी खोजबीन शुरू की। पति पर शक होने पर उसने परिजनों व पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे पीआरवी 3228 के सिपाही कुलदीप और सुभाष ने मामले की जांच शुरू की। उन्होंने कुछ देर बाद ही सीमऊ गांव के निकट से उसे पकड़ लिया। थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी। जिस पर पूछताछ के बाद युवक को छोड़ दिया गया था।
- परिजनों की सूचना पर पुलिस ने बच्चे के साथ युवक को पकड़ा