हसनगंज। विकासखंड की ग्राम पंचायत आदमपुर भांसी में प्रधानमंत्री आवास के लिए लाभार्थियों से अवैध वसूली करने पर प्रधान पर एफआईआर के लिए बीडीओ ने थाने में तहरीर दे दी है। थाना प्रभारी ने तहरीर मिलने की पुष्टि करते हुए मुकदमा दर्ज करने की बात कही है।
मालूम हो कि ग्राम पंचायत आदमपुर भांसी के गांव आजमखेड़ा के राकेश पुत्र बाबूलाल ने जनता दर्शन में एसडीएम हसनगंज मनीष बंसल को शिकायतीपत्र देकर प्रधान पर आवास के लिए 30 हजार रुपये सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाया था।
रुपये न देने पर प्रधान ने फर्जी कागज लगाकर आवास राकेश पुत्र सुखलाल को दे दिया। एसडीएम ने शिकायत की जांच कराई। इसमें पता चला कि राकेश के बैंक खाते में उसकी फोटो और नाम व पिता का नाम राकेश पुत्र बाबू है। जबकि प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के ऑनलाइन पोर्टल में प्रदर्शित सूचना के अनुसार, लाभार्थी का नाम राकेश पुत्र बाबूलाल है लेकिन फोटो में व्यक्ति कोई और था।
एसडीएम ने इस मामले में गांव के अनूप कुमार के भी बयान लिए थे। इसी आधार पर एसडीएम मनीष बंसल ने सीडीओ को भेजी गई रिपोर्ट में प्रधान संतोष कुमार व पूर्व पंचायत सचिव सुरेश करकेटा के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की थी। बीडीओ हसनगंज डॉ. सपना अवस्थी ने प्रधान पर एफआईआर के लिए तहरीर दी। प्रभारी हनुमान प्रसाद पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है, मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
- पीएम आवास आवंटन में मांगी रिश्वत
- आरोपी की पुष्टि होने पर बीडीओ ने दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो