उन्नाव। पति के साथ गंगा स्नान कर लौटते समय सुमेरपुर के पास बाइक अनियंत्रित होने से महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। सुमेरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक इलाज कराने के बाद परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर गए। वहां महिला को उपचार न मिलने पर परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस पर महिला को कानपुर रेफर कर दिया गया। परिजन उसे कानपुर लेकर जा रहे थे, तभी उसने दम तोड़ दिया।
बीघापुर थाना क्षेत्र के बेहटा गांव निवासी सुधाशंकर शुक्ला शनिवार की सुबह पत्नी गरिमा (30) के साथ बाइक से गंगा स्नान करने बक्सर घाट गए थे। लौटते समय सुमेरपुर के पास बाइक अनियंत्रित हो जाने से गरिमा सड़क पर गिरकर घायल हो गई। पति उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुमेरपुर लेकर पहुंचे, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, वहां उपचार न मिलने पर परिजनोें ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा होने पर डॉक्टरों ने गरिमा को कानपुर रेफर कर दिया।
आरोप है कि गरिमा को एंबुलेंस तक ले जाने के लिए स्ट्रेचर भी नहीं दिया गया। परिजन किसी तरह गरिमा को एंबुलेंस तक लेकर पहुंचे, इसी बीच उसने दम तोड़ दिया। वहीं, जेठ अमित का आरोप है कि जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में गरिमा को उसके हाल पर छोड़ दिया गया था। खून की उल्टियां होने पर भी स्टाफ नर्स ने हाथ नहीं लगाया।
-पति के साथ बाइक से बक्सर घाट से लौट रही थी
-सुमेरपुर के पास बाइक अनियंत्रित होने से हुआ हादसा