बैंक मैनेजर पर केसीसी फाइल फाड़ने का आरोप
चकलवंशी। ग्रामीण बैंक आफ आर्यावर्त शाखा प्रबंधक व कर्मचारियों पर क्षेत्र के दो किसानों ने किसान क्रेडिट कार्ड की फाइल फाड़ने व अभद्रता का आरोप लगाया है। किसानों ने एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। एसपी ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
थानाक्षेत्र के मेथीटीकुर निवासी विनीत कुमार का आरोप है कि 15 अक्तूबर को चकलवंशी स्थित ग्रामीण बैंक आफ आर्यावर्त शाखा किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए मां के साथ गया था। शाखा प्रबंधक ने दस्तावेज देख कर फोटो प्रमाणित कर दी।
साथ ही दस हजार रुपये सुविधा शुल्क मांगा। जिसका विरोध करने पर शाखा प्रबंधक ने फाइल को फाड़कर फेंकने के साथ ही अभद्र व्यवहार किया। इसके अलावा इसी गांव के किसान विष्णुपाल सिंह का आरोप है कि 23 अक्तूबर को शाखा प्रबंधक के साथ मौजूद महिला कर्मचारी ने केसीसी की सुविधा शुल्क मांग पूरी न करने पर अभद्रता की थी।
मना करने पर 15 हजार की नगदी से भरा बैग छीनकर धक्के देकर बैंक से बाहर कर दिया था। इस दौरान मौजूद लोगों के समझाने पर करीब दो घंटे बाद वापस किया गया। पीड़ित किसानों ने मानवाधिकार संगठन व पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार को शिकायती पत्र देकर शाखा प्रबंधक पर सख्त कार्रवाई की मांग की। एसपी ने किसानों से मामले की जांच कराकर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
शाखा प्रबंधक चित्रलोक का कहना है कि सारे आरोप निराधार हैं। न तो फाइलें फाड़ी गई और न ही किसी से रुपये मांगे गए हैं। उन्होंने बताया कि वह हर तरह की जांच के लिए तैयार हैं।
- पीड़ित किसानों ने एसपी व मानवाधिकार संगठन से की शिकायत
- शाखा प्रबंधक ने आरोपों को बताया निराधार, बोले वह किसी भी जांच को तैयार