अमर उजाला ब्यूरो
नवाबगंज। सैकड़ों लोगों का 50 लाख से अधिक रुपये लेकर फरार हुई चिटफंड कंपनी के खिलाफ अब भवन स्वामी ने भी पुलिस से शिकायत की है। आरोप है कि कंपनी ने उसे छह माह से भवन का किराया नहीं दिया। साथ ही आरडी के रुपये लेकर कंपनी फरार हो गई। पुलिस ने शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।
नवाबगंज सीएचसी के सामने पांच साल से चल रही मल्टी स्टेट कोआपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी के अधिकारी कुछ दिन पूर्व आफिस में ताला डालकर भाग निकले थे। लोगों का आरोप था कि कंपनी चार साल में रुपये दोगुने करने का लालच देकर उनसे रुपये जमा कराए थे। मंगलवार को सैकड़ों की संख्या में लोगों ने हंगामा भी किया था। इस बीच बुधवार को भवन स्वामी अंशुमान सिंह ने नवाबगंज चौकी प्रभारी को तहरीर दी। उन्होंने कंपनी में आरडी भी खुलवाई थी। कंपनी के अधिकारियों ने वह रुपये भी हड़प लिया। चौकी इंचार्ज विकास यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।
- छह माह से भवन का किराया नहीं देने का आरोप
- आरडी का पैसा भी हड़प लेने का लगाया आरोप