अमर उजाला ब्यूरो
उन्नाव। स्कूल प्रबंधक को ब्लैकमेल करने वाला युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गया। एक स्कूल प्रबंधक की शिकायत पर एसपी ने जांच के निर्देश दिए। जांच में आरोप सही साबित होने पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया।
अप्रैल महीने में फतेहपुर जिले के शाहजहांपुर शिलहरा निवासी अरुण कुमार गुप्ता ने एक शिक्षक के तौर पर सिविल लाइंस के जेएन शाह पब्लिक स्कूल में ज्वाइन किया। कुछ दिन बीतने के बाद ही शिक्षक ने बच्चों के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। साथ ही प्रबंधक से दो महीने का मानदेय एडवांस मांगा।
इस दौरान बच्चों व अभिभावकों की शिकायत पर प्रबंधक ने उसे स्कूल से बाहर निकाल दिया। इसके बाद शिक्षक ने सिविल लाइंस पुलिस चौकी में स्कूल प्रबंधक के खिलाफ मारपीट करने व बकाया भुगतान न देने की शिकायत की। पुलिस की जांच में उसका आरोप गलत पाया गया। प्रबंधक मनन गुप्ता का आरोप है कि बीते दिनों उसने कालेज में घुसकर हाथापाई की। इस दौरान शिक्षकों के मोर्चा संभालने पर वह जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। इसके बाद कई बार फोन पर मांग पूरी न होने पर फर्जी मुकदमे में फंसा देने की धमकी दी।
प्रबंधक ने कोतवाली पुलिस में तहरीर देने के साथ ही शिकायत एसपी हरीश कुमार से की। एसपी ने कोतवाली पुलिस को जांच के निर्देश दिए। जांच में प्रबंधक की शिकायत सही मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर शनिवार शाम भेजा। उधर, कोतवाली पुलिस फतेहपुर पुलिस से संपर्क कर आरोपी शिक्षक का रिकॉर्ड खंगाल रही है।
- प्रबंधक की शिकायत पर एसपी ने कराई जांच, युवक को भेजा जेल