अमर उजाला ब्यूरो
असोहा (उन्नाव)। पुरवा विधायक अनिल सिंह को जान से मारने की फिर धमकी मिली है। गुरुवार को माही संस्था प्रभारी संतोष सिंह ने धमकी मिलने पर मौरावां थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि बुधवार शाम उन्हें डाक से एक पत्र मिला था। जिसमें विधायक को जान से मारने की धमकी दी गई है।
बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल होने व राज्यसभा में क्रास वोटिंग के बाद से पुरवा विधायक अनिल सिंह को लगातार जान से मारने की धमकी मिल रही हैं। सोशल मीडिया व पत्र के माध्यम से मिल रही धमकियों पर वह कई बार एसपी से शिकायत भी कर चुके हैं।
बुधवार को जान से मारने की धमकी देने वाला पत्र डाक के जरिये मौरावां स्थित कार्यालय भेजा गया। कार्यालय प्रभारी संतोष ने मामले की जानकारी विधायक को दी। बताते हैं कि पत्र में शहर के इंद्रा नगर निवासी राकेश का नाम लिखा है। पत्र के साथ एक अखबार की कटिंग भी शामिल है। थानाध्यक्ष मोहम्मद अशरफ ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
- डाक के माध्यम से मौरावां स्थित कार्यालय में भेजा धमकी भरा पत्र
- कार्यालय प्रभारी ने थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई