औरास। थानाक्षेत्र के अटिया गांव में युवक का शव फंदे से लटकता मिला। घर से दुर्गंध आने पर चचेरे भाई ने पुलिस को सूचना दी। शव कई दिन पुराना है, पुलिस घटना की जांच कर रही है।
औरास थाना क्षेत्र के अटिया गांव निवासी सोनू (19) पुत्र रामकुमार अपनी मां रामकुमारी और भाई, बहन के साथ चंडीगढ़ में रहकर मजदूरी करता था।
एक माह पूर्व वह चंडीगढ़ से गांव आया था। ग्रामीणों के अनुसार चार दिन पहले उसने चंडीगढ़ जाने की बात कही थी। जिसके बाद से उसे किसी ने गांव में नहीं देखा। गुरुवार दोपहर उसके घर से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने दरवाजे की दरार से जब झांककर अंदर देखा तो उसका शव फंदे से लटकता पाया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना चचेरे भाई कन्हैया लाल को दी। कन्हैयालाल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। मृतक चार भाई बहनों में सबसे बड़ा था। दरोगा नरेंद्र कुमार ने बताया शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। घटना की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-अकेला रहता था, घर से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों को हुई जानकारी