अमर उजाला ब्यूरो
सोनिक। अजगैन कोतवाली के गांव बशीरतगंज में ब्लाउज में बटन की जगह हुक लगाने पर युवक ने ब्यूटी पार्लर संचालिका से विवाद किया। कुछ देर बाद युवक अपने पिता व कई अन्य लोगों को लेकर पार्लर पहुंचा और मारपीट कर दुकान में पथराव भी किया गया। पीड़िता ने दुकान में रखी नगदी भी लूट ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर दो ज्ञात व 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बशीरतगंज निवासी वंदना पत्नी संतोष का कसबे में ही ब्यूटी पार्लर है। इसमें लेडीज कपड़ों की सिलाई भी होती है। कुछ दिन पहले गजाखेड़ा गांव निवासी संदीप ने ब्लाउज सिलने को दिया था। शनिवार को वह ब्लाउज लेने पहुंचा तो उसमें बटन की जगह हुक लगे देख विवाद करने लगा। वंदना ने अपने पति, ससुर महाबीर व देवर जितेंद्र को बुला लिया।
तीनों ने संदीप को डांटकर भगा दिया। कुछ देर बाद संदीप अपने पिता सुंदर व करीब दो दर्जन साथियों के साथ आया और गाली-गलौज और मारपीट करने लगा। इस दौरान दुकान में पथराव और तोड़फोड़ भी की गई। कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।
- ब्यूटी पार्लर में तोड़फोड़, रुपये लूट ले जाने का आरोप
- दो ज्ञात व तीस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज