सड़क हादसे में कानूनगो की मौत, आरके घायल
उन्नाव। अलग-अलग थानाक्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में कानूनगो की मौत हो गई। वहीं रजिस्ट्रार काननूगो गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें हसनगंज सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाइक सवार हेलमेट लगाए थे।
शहर के मोहल्ला हिरननगर निवासी रामप्रसाद यादव (59) सदर तहसील में कानूनगो के पद पर तैनात हैं। रविवार को यह बाइक से बारासगवर थानाक्षेत्र के गांव रुद्रपुर गए थे। यह देर शाम घर लौट रहे थे। बीघापुर थानाक्षेत्र के बहुराजमऊ के निकट बाइक के सामने अचानक गाय आ गई। बाइक के गाय से टकराने से यह नीचे गिर गए। हेलमेट टूटने से सिर में गंभीर चोटें आईं।
पुलिस ने इन्हें को जिला अस्पताल भेजा। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी रामरानी रोने बिलखने लगीं। इनका बड़ा लड़का राकेश अमेरिका में इंजीनियर है। दूसरा बेटा धर्मेंद्र बैंक में अधिकारी है। तीसरा बेटा जितेंद्र लेखपाल है। मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। हादसे की खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया।
दूसरा हादसा हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के मोहान चौराहे पर हुआ। शहर के मोहल्ला कब्बाखेड़ा निवासी रामबालक पाल हसनगंज तहसील में रजिस्ट्रार कानूनगो के पद पर तैनात हैं।
रविवार को तहसील में जमीन संबंधी कुछ फाइलें तैयार होनी थीं। इसके लिए राजस्वकर्मियों को बुलाया गया था। काम निपटाने के बाद यह देर शाम घर लौट रहे थे। मोहान चौराहे के निकट अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे यह घायल हो गए। इन्हें स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
- बीघापुर व हसनगंज थानाक्षेत्र में हुए हादसे ,बीघापुर के बहुराजमऊ के निकट बाइक से गाय टकराने से कानूनगो की मौत, हसनगंज में मोहान के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से आरके (रजिस्ट्रार कानूनगो) घायल
अमर उजाला ब्यूरो