उन्नाव। सदर तहसील के लेखपाल से रविवार की रात गांधी नगर चौराहे पर बाइक सवार दो युवकों ने मारपीट की। लेखपाल के विरोध करने पर हमलावरों ने लोहे की राड से उनकी कार के शीशे तोड़ दिए। इस बीच लोगों को आते देख जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पीड़ित ने अस्पताल पुलिस चौकी में सूचना दी। पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अजगैन थाना क्षेत्र के नवाबगंज निवासी अशोक कुमार सैनी सदर तहसील में लेखपाल के पद पर कार्यरत हैं। रविवार की रात तकरीबन आठ बजे वह अपनी कार से तहसील के कार्य के संबंध में गांधी नगर की ओर जा रहे थे। गांधीनगर चौराहे पर पहुंचते ही बाइक सवार दो युवकों ने उनकी कार के आगे बाइक रोक दी। अशोक कुमार सैनी ने विरोध किया तो वह मारपीट पर उतर आए।
इस बीच एक युवक ने कार के शीशे पर लोहे की राड मार दी, जिससे कार का शीशा टूट गया। इस बीच वहां लोगों की भीड़ जुटने लगी। इस पर हमलावर युवक लेखपाल को धमकी देते हुए भाग गए। लेखपाल अशोक ने बाइक का नंबर नोट कर लिया और पुलिस को सूचना दी। लेखपाल अशोक की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ मारपीट व जान से मारने की धमकी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। सदर कोतवाल प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर अस्पताल चौकी इंचार्ज को जांच सौंपी गई है।