अमर उजाला ब्यूरो
पुरवा। दो पक्षों में हुई मारपीट पर सुलह कराने पहुंचे प्रधान को ही एक पक्ष के लोगों ने पीट दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों पर एससी/एसटी एक्ट व मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुरवा कोतवाली क्षेत्र के बहरौरा बुजर्ग के ग्राम प्रधान हंसराज ने बताया कि मंगलवार रात गांव के नन्कऊ, महेश व उनके साथी रामबहादुर व उसकी बहन प्रेमा को पीट रहे थे। गांव के ही हरिनाम की सूचना पर वह मौके पर पहुंच गए और सुलह कराने का प्रयास करने लगे। इस दौरान नन्कऊ, महेश व उसके साथी आग बबूला हो गए और उसे जाति सूचक गालियां देते हुए पीटना शुरू कर दिया। वह खून से लथपथ हो गया। जिससे आरोपी भाग निकले।
ग्रामीण प्रधान हंसराज को लेकर कोतवाली लाए। प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने नन्कऊ, रामनरेश, महेश, बबली व नन्कऊ की पत्नी पर एससी/एसटी एक्ट, मारपीट व जान से मारने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि मारपीट के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
- प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों पर दर्ज किया मुकदमा