फतेहपुर चौरासी। ब्लाक क्षेत्र की ग्रामपंचायत इस्माइलपुर नौगवां में खड़ंजा का निर्माण कराए बिना ही 3.15 लाख रुपये निकाल लिए। शिकायत पर जांच हुई तो इसका खुलासा हुआ। बीडीओ ने वीडीओ, ग्राम प्रधान और तकनीकी सहायक पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
फतेहपुर चौरासी ब्लाक के खंड विकास अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत इस्माईलपुर नौगवां में ग्राम पंचायत की कार्य योजना सूची वर्ष 2018-19 में दर्ज विकास कार्यों में गांव में संतू के दरवाजे से भोला के खेत तक खड़ंजा निर्माण की स्वीकृति दी गई थी। खड़ंजे का निर्माण मनरेगा योजना के तहत 3.15 लाख रुपये की लागत से होना था। लेकिन की ग्राम प्रधान माया, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी पंचम लाल और तकनीकी सहायक जितेंद्र कुशवाहा ने बिना निर्माण कराए ही खाते से धनराशि निकाल ली। ग्रामीणों की शिकायत पर बीडीओ ने अवर अभियंता प्रभाकांत तिवारी व अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश वर्मा ने से जांच कराई गई। जांच में पाया गया कि खड़ंजे का निर्माण कराए बिना ही मनरेगा मद से लागत राशि का गबन किया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद बीडीओ अमित कुमार सिंह ने फतेहपुर चौरासी थाने में तहरीर देकर तीनों के खिलाफ सरकारी धन गबन करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।