उन्नाव के पुरवा ब्रांच की शारदा नहर में रविवार सुबह करीब 20 वर्षीय युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। चरवाहों की सूचना पर अजगैन पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। युवती की जुबान बाहर निकली थी। शरीर पर कपड़े न होने से दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव नहर में फेंके जाने की चर्चा है।
पहचान न होने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अजगैन थाना क्षेत्र के मुर्तजानगर के मजरा बंदरहा गांव के ग्रामीण रविवार सुबह मवेशी चराने गए थे। इसी दौरान उन्होंने गांव के पास से निकली शारदा नहर पुल पर 20 वर्षीय युवती का शव फंसा देखा।
भागकर उन्होंने गांव के लोगों को जानकारी दी। मौके पर सैकड़ों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची अजगैन पुलिस ने उसे बाहर निकलवाया।
मृतका की जुबान बाहर निकली होने से गला घोंटकर हत्या का अंदेशा जताया गया। पुलिस ने करीब तीन दिन पुराना शव होने की बात कही है। प्रभारी निरीक्षक अजयराज वर्मा ने बताया कि शव नहर में बहकर आया है। पहचान की कोशिश की जा रही है।