उन्नाव। घर में अकेली प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को मोहल्ले के लोगों ने पकड़कर सदर चौकी पुलिस के सुपुर्द कर दिया। आक्रोश में एक युवक चौकी पहुंचा और सिपाही के सामने आरोपी को चप्पलों से पीटा। पिटाई का वीडियो भी वायरल हो गया। पुलिस ने वीडियो वायरल होने के बाद भी पिटाई करने व सिपाही के सामने गाली गलौज करने वाले युवक पर कोई कार्रवाई नहीं की। उधर, युवती के परिजनों की ओर से कोई तहरीर न मिलने पर पुलिस ने पकड़े गए युवक का शांतिभंग में चालान कर दिया।
घटना शनिवार रात लगभग 10 बजे की है। शहर के एक मोहल्ले निवासी एक युवक पड़ोस में रहने वाली प्रेमिका से मिलने पहुंच गया। प्रेमिका के घर पर किसी के न होने से उसके घर तक पहुंचने के लिए उसने कई घरों की छत भी लांघी। भनक लगने पर मोहल्ले के लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और सदर चौकी पुलिस के सुपुर्द कर दिया। कुछ देर बाद एक युवक चौकी पहुंचा और सिपाही के सामने ही आरोपी को चप्पलों से पीटा और गाली-गलौज की। इस दौरान सिपाही तमाशबीन बना रहा। आरोपी को सिपाही की मौजूदगी में पीटे जाने का किसी ने वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद भी पुलिस कस्टडी में आरोपी से मारपीट व गाली-गलौज करने वाले के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। कोतवाल दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि वीडियो उनके पास नहीं पहुंचा है। न ही किसी ने ऐसी शिकायत की है। युवक को भीड़ द्वारा पकड़कर पुलिस को सौंपा गया था। युवती के परिजनाें की ओर से कोई तहरीर न मिलने पर आरोपी का शांतिभंग में चालान किया गया है। चर्चा है कि सिपाही के सामने चौकी में घुसकर आरोपी को पीटने वाले पर पहले से सदर कोतवाली में गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज हैं।