उन्नाव। मछली पालन के टेंडर का विरोध करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने पर दो सगे भाइयों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मत्स्य पालक विकास अभिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज हुई है।
मत्स्य पालक विकास अभिकरण के हाजीपुर वर्र्धना, अतरीनाला व मेलारामकुंवर में विभागीय तालाब हैं। इन तालाबों में मछली पालन को लेकर टेंडर निकाले गए थे। सीडीओ कार्यालय में इसके टेंडर पड़ने थे। मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि टेंडर के दौरान ही बुधवारी निवासी सगे भाई संतोष कुमार व अनिल कुमार अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और प्रक्रिया का विरोध करना शुरू कर दिया। काफी समझाने के बाद भी यह लोग नहीं माने और टेंडर प्रक्रिया को गलत बताकर विवाद करते रहे। इस कारण मछली पालन की टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।
इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी तो उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए। इस पर सदर कोतवाली में दोनों भाइयों समेत उनके साथियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और अभद्रतापूर्ण व्यवहार करने की तहरीर दी गई। सदर कोतवाल अखिलेशचंद्र पांडेय ने बताया कि मुख्य कार्यपालक अधिकारी की तहरीर पर संतोष, अनिल के साथ अज्ञात साथियों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।