फतेहपुर चौरासी। सैंता गांव में विवाहिता का शव घर में पड़ा मिला। मायके पक्ष के लोगों ने पति समेत ससुराल के आठ लोगाें पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ग्राम सैंता गांव निवासी चांद आलम का विवाह 21 नवंबर 2021 को इसी थाना क्षेत्र के सरौंद गांव निवासी रईश की बेटी आफरीन ऊर्फ जूही (20) से हुआ था। बुधवार देर शाम आफरीन का शव ससुराल में कमरे में पड़ा मिला। घटना की जानकारी पर पहुंचे मृतका के पिता रईश ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ससुरालीजन दहेज में कार की मांग कर बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या कर दी। 22 दिसंबर की दोपहर बेटी ने अपने भाई चांद को फोन पर कार के लिए ससुरालीजनों द्वारा मारपीट किए जाने की बात बताई थी। देर शाम ससुरालीजनों ने आफरीन के जहर खा लेने की जानकारी दी।
मृतका के पिता ने पति चांद, जेठ मेराज, फिरोज, आरिफ गोवा, हसीन, देवर बाबू, सास व ननद कैफिया के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसडीएम सफीपुर रामसकल मौर्य, सीओ अंजनी राय ने मौके पर पहुंचकर मृतका के पिता व ससुरालीजनों से घटना की जानकारी ली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।