फतेहपुर चौरासी। पति की हादसे में मौत का झांसा देकर बाइक सवार लुटेरा घर छोड़ने की बात कह महिला को बाइक पर बैठा ले गया। गड़बड़ी की आशंका पर महिला कूद गई। लुटेरा उसके हाथ से बैग छीनकर भाग निकला। महिला ने बैग में जेवर व नगदी समेत दो लाख का सामान होने की जानकारी पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है। बिना जांच किए पुलिस ने घटना संदिग्ध बताई है।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के खग्गाखेड़ा गांव निवासी राजीव कुमार की पत्नी आशा देवी 8 दिसंबर को गंजमुरादाबाद के ताजपुर टंड़वा गांव निवासी अपने भाई संदीप की शादी में गई थी। सोमवार को वह ससुराल जाने से पहले बेटे शगुन व बेटी अदिति को नवोदय विद्यालय छोड़ने पहुंची। दोनों बच्चे नवोदय विद्यालय में पढ़ते हैं। बच्चों को छोड़कर वह विद्यालय के बाहर सड़क पर खड़े होेकर वाहन का इंतजार करने लगी। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक उसके पास रुका और उसके गांव का नाम लेकर पति की सड़क हादसे में मौत की जानकारी दी। इस पर आशा बदहवास हो गई। उसने गांव तक छोड़ने की बात कही तो आशा उसकी बाइक पर बैठ गई। उन्नाव-हरदोई मार्ग पर ग्राम कठिघरा के आगे युवक ने बाइक कच्चे रास्ते में उतार दी। अनहोनी की आशंका पर महिला बाइक से कूद गई। उसे गिरा देख बाइक सवार उसके हाथ से बैग छीनकर भाग निकला। आशा ने पुलिस को बताया कि बैग में पांच हजार की नगदी व जेवर समेत दो लाख का सामान था। प्रभारी निरीक्षक राय सिंह ने बताया कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।