अचलगंज। कार सवार लुटेरों ने किसान को लिफ्ट देकर 20 हजार रुपये लूट लिए और हाथ-पैर बांधकर सुनसान जगह पर फेंक दिया। राहगीरों की मदद से बंधनमुक्त हुए किसान ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
बीघापुर थाना क्षेत्र के छपना गांव निवासी सुरेंद्र शर्मा शनिवार शाम लालगंज जाने के लिए अचलगंज ब्लॉक के पास सड़क पर खड़े होकर सवारी वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान एक कार उसके पास रुकी। सुरेंद्र के अनुसार कार चालक ने लालगंज तक उसे छोड़ने की बात कहकर बैठा लिया। कार में चालक के अलावा चार लोग पहले से बैठे थे। कुछ दूर चलकर पहले से बैठे चारों लोगों ने किसान से मारपीट और उसके हाथ पैर बांधकर जेब से 20 हजार की नगदी लूट ली। पचोड्डा से सराय जाने वाले मार्ग पर एक किमी अंदर कार ले जाकर किसान को सुनसान जगह पर फेंक दिया। सिम निकालकर उसका मोबाइल भी वहीं फेंक दिया।
देर शाम किसी तरह वह घिसटता हुआ सड़क पर आया और राहगीरों से मदद मांगी। राहगीरों ने उसके हाथ-पैर खोले। थाने पहुंचे पीड़ित ने पुलिस को घटना की जानकारी देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक संदीप शुक्ल ने कहा कि घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।