छात्रा शिवानी का फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : UNNAO
नवाबगंज। नवाबगंज-मकूर मार्ग पर शनिवार सुबह ईंट लदे ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक में पीछे बैठी आईटीआई की छात्रा सड़क पर गिर गई। ट्रैक्टर का पहिया उसे रौंदता हुआ निकल गया। मौके पर छात्रा की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक भाग निकला। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली कब्जे में ली है। छात्रा सीआरपीएफ भर्ती के लिए लखनऊ में परीक्षा देकर घर लौट रही थी। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
बेनीखेड़ा गांव निवासी शत्रुघ्न रावत की 19 वर्षीय पुत्री शिवानी की सीआरपीएफ में सिपाही पद के लिए शुक्रवार को लखनऊ के एक महाविद्यालय में परीक्षा थी। वह गुरुवार को ही लखनऊ के बंगला बाजार निवासी अपने मामा मुकेश के घर पहुंच गई थी। शुक्रवार सुबह उसने परीक्षा दी और मामा के यहां चली गई। शनिवार सुबह मुकेश शिवानी को उसके घर छोड़ने के लिए बाइक से निकला। नवाबगंज-मकूर संपर्क मार्ग पर बाइक को ईंट लदे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। शिवानी छिटकर सड़क पर गिर गई। ट्राली का पहिया उसके सिर को कुचलते हुए निकल गया। शिवानी की मौत से मामा बेहाल हो गया। मृतका पांच भाई व बहनों में चौथे नंबर की थी। हादसे के बाद मां शकुंतला का रोकर बुरा हाल है। सीओ आरके शुक्ला ने बताया कि मुकेश की तहरीर पर ट्रैक्टर नंबर के आधार रिपोर्ट दर्ज का गई है।