शव के अंतिम संस्कार के लिए भिड़े दोनों पक्षों को समझाती पुलिस। संवाद
- फोटो : UNNAO
मौरावां। सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद उसके अंतिम संस्कार को लेकर कथित पत्नी व परिवार के अन्य सदस्य भिड़ गए। हंगामा होने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को समझाकर शांत कराया। संयुक्त रूप से अंतिम संस्कार करने के लिए दोनों पक्षों को तैयार किया। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया।
मौरावां थाना क्षेत्र के पारा के मजरे छोटी गौरी निवासी 35 वर्षीय कमलेश रावत शनिवार सुबह मौरावां-पुरवा मार्ग पर बिल्लेश्वर मंदिर के पास सड़क हादसे का शिकार हो गया था। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद उसका शव गांव पहुंचा तो अंतिम संस्कार को लेकर परिवार के लोगों में विवाद हो गया। कमलेश से कोर्ट मैरिज करने की बात बताते हुए संगीता ने उसका अंतिम संस्कार करने की बात कही।
मृतक के चाचा बाबूलाल, चाची सन्नो और उसकी तीन विवाहित बहनें मालती, रामावती व श्यामा कमलेश का अंतिम संस्कार करने पर अड़ गए। दरोगा दरोगा जेएन मिश्रा ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। पुलिस की मौजूदगी में शव को रायबरेली के भवरेश्वर मंदिर के निकट बने सार्वजनिक अंत्येष्टि स्थल पर ले जाया गया। वहां दोनों पक्षों ने शव का अंतिम संस्कार किया।