उन्नाव। पिस्टल समेत पकड़े गए सनोज ने एटीएस व अन्य खुफिया एजेंसियों को कई अहम जानकारी दी हैं। संदिग्धों ने सनोज को मोहरा बनाकर शहर में धार्मिक स्थलों में आग लगाने से लेकर चर्चित व्यक्तियों की हत्या कराने तक की योजना बनाई थी। पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान पूछताछ पूरी होने पर सनोज को जेल में दाखिल कर दिया गया है।
सनोज के पास से बरामद पिस्टल उसे कहां से मिली, इसकी जानकारी जुटाने के लिए पिछले पांच दिन से एटीएस, खुफिया एजेंसियों व स्थानीय पुलिस उससे पूछताछ में जुटी थी। हर बार उसने यही बताया कि व्हाट्सएप चैट के जरिये जिन विदेशियों के वह संपर्क में था, उन्होंने ही अजगैन क्षेत्र में खेत के पास झाड़ी में पिस्टल गड़ी होने की बात कही थी। उनकी बताई जगह पर वह पहुंचा तो उसे पिस्टल मिल गई थी। पूछताछ कर रही टीमों ने सनोज को उस स्थान पर भी ले जाकर जांच की थी।
सनोज ने बताया कि उसे रुपयों का लालच देकर धार्मिक स्थलों में आग लगाने और शहर के चर्चित लोगाें को ठिकाने लगाने की जिम्मेदारी दी गई थी। पूछताछ पूरी होने पर मंगलवार को सनोज को जेल भेज दिया गया। पकड़े जाने के बाद पुलिस ने उसे कस्टडी रिमांड पर लिया था। सनोज के मोबाइल डाटा के आधार पर एटीएस यह पता करने की कोशिश कर रही है कि सनोज किन संदिग्ध लोगों का मोहरा बना था।