पाटन। बिहार थाना परिसर से 28 दिन पूर्व एक नहीं, दो ट्रक चोरी किए गए थे। पुलिस एक ट्रक की बरामदगी कर दूसरे ट्रक की चोरी का सच दबा गई। अब चोरी गए दूसरे ट्रक का पता लगाने में पुलिस टीमें जुटी हैं।
बक्सर-सुमेरपुर मार्ग पर एआरटीओ ने 7 अगस्त को चेकिंग के दौरान ओवरलोड 6 ट्रकों को सीज कर बिहार थाना परिसर में खड़ा करा दिया था। पहरा और पुलिस की मौजूदगी की पोल खोलते हुए इनमें से दो ट्रक उसी रात चोरी हो गए थे। घटना को दबाने के लिए चुपचाप एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने किसी को कानो-कान खबर नहीं लगने दी और तलाश शुरू कर दी। सोमवार को इनमें से एक ट्रक को बरामद करने में पुलिस को सफलता मिली तो उच्चाधिकारियों को गुमराह करने के लिए दूसरे ट्रक की चोरी का मीडिया के समक्ष जिक्र नहीं किया गया। खुलासे के बाद मंगलवार को थाना परिसर से एक नहीं दो ट्रकों की चोरी का मामला सामने आया तो पुलिस की पोल खुल गई। थाना से एक रात में दो ट्रक चोरी होना पुलिस कार्यशैली पर सवाल खड़ा कर रहा है। घटना की जांच कर रहे एसएसआई बृजमोहन सैनी ने दो ट्रकों की चोरी और उसमें से एक की बरामदगी की बात स्वीकार की है। प्रभारी निरीक्षक हरिओम श्रीवास्तव ने बताया दूसरे ट्रक की तलाश की जा रही है। जल्द उसे भी बरामद कर आरोपियों को सामने लाया जाएगा।