गौरीशंकर मंदिर में हुई घटना के बाद स्निफर डॉग की मदद से सुराग तलाशने की कोशिश करती फील्ड यूनिट। स?
- फोटो : UNNAO
फतेहपुर चौरासी। एक धार्मिक स्थल में तोड़फोड़ से लोगों में गुस्सा है। पुलिस ने खोजी कुत्ते की मदद से जांच-पड़ताल की। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
ग्राम पंचायत पट्टी उस्मान के मजरा जुल्फिकारपुर (अमौरा) में एक धार्मिक स्थल में रविवार रात घुसे शरारतीतत्वों ने तोड़फोड़ कर दी। घटना की जानकारी पर धार्मिक स्थल परिसर में ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि माहौल बिगाड़ने के लिए धार्मिक आस्था को चोट पहुंचाई गई है। ग्रामीणों ने शरारतीतत्वों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक राय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच के लिए फील्ड यूनिट टीम को बुलाया। खोजी कुत्ते की मदद से धार्मिक स्थल से 100 मीटर दूर उत्तर दिशा में एक बाग तक गया और चक्कर लगाकर लौट आया। इसके बाद धार्मिक स्थल से करीब पांच सौ मीटर दूर ग्राम पट्टी उस्मान तक जाकर लौट आया। तीन साल पहले भी किसी शरारतीतत्व ने धार्मिक स्थल में तोड़फोड़ की थी। फरवरी में जन सहयोग से जीर्णोद्धार किया गया।
प्रभारी निरीक्षक राय सिंह ने बताया कि पुजारी हरिशंकर की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं क्षेत्रीय विधायक श्रीकांत कटियार ने भी मौके पर पहुंचकर पुलिस से शीघ्र खुलासे की मांग की है।