कोतवाली में बैठा पीड़ित रामप्रकाश। संवाद
- फोटो : UNNAO
बांगरमऊ। थाना समाधान दिवस से लौटकर ई-रिक्शा से घर जा रहे किसान की जेब से जेबकतरे ने 900 रुपये पार कर दिए। जेब कटी देख किसान के शोर मचाने पर ई-रिक्शा चालक व किसान ने आसपास के लोगों की मदद से जेबकतरे व उसके एक अन्य साथी को पकड़कर पुुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस पूछताछ कर रही है।
ग्राम दारापुर निवासी रामप्रकाश शनिवार सुबह बांगरमऊ कोतवाली में आयोजित थाना समाधान दिवस में जमीन विवाद संबंधी शिकायती पत्र देने गया था। लौटते समय नानामऊ तिराहे से वह एक ई-रिक्शा से बैठ गया। ई-रिक्शा पर पहले से बैठे जेब कतरे ने रामप्रकाश की जेब काटकर 900 रुपये पार कर दिए। बिल्हौर मार्ग पर कल्याणी नदी पुल के पास उसने ई-रिक्शा से उतरकर पीछे से आ रहे बाइक सवार के साथ बैठने की कोशिश की। इसी बीच किसान की नजर कटी जेब पर पड़ गई। उसके शोर मचाने पर ई-रिक्शा चालक ने स्थानीय लोगों की मदद से बाइक को गिरा जेबकतरे व उसके दोस्त को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने बताया कि दोनों जेब कतरों ने अपना नाम कन्नौज जनपद के बस अड्डा निवासी राजीव व संजय बताया है। रामप्रकाश की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपियाें से पूछताछ शुरू की है। पुलिस का दावा है कि पूर्व की घटनाओं में ही इन्हीं का हाथ है।